
@चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, सांसद वरुण चौधरी के नेतृत्व में अंबाला में विरोध मार्च
अंबाला, 28 सितंबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अंबाला की ओर से सोमवार को मानव चौक पर विरोध मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व अंबाला लोकसभा सांसद चौधरी वरुण चौधरी ने किया, जबकि अंबाला शहर विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने मार्गदर्शन किया।
विरोध मार्च में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों, पार्षदों, वार्ड अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर नारेबाजी की।
मार्च के बाद मानव चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले जलाए गए।
सांसद चौधरी वरुण चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूचियों और चुनाव से जुड़े विषयों को लेकर उठ रहे सवालों पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी अंबाला (शहरी) के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि यह विरोध मार्च जिला, ब्लॉक और संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के मुद्दे को उठाती रहेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धीमान, राकेश मेहलां, हिम्मत सिंह, अशोक मेहता, ब्रहमपाल राणा, अमीषा चावला, रोहित विशु, मिथुन वर्मा, बलजीत रंगा, हरमन हैरी, रविन्द्र गुप्ता, पुरुषोत्तम, जरनैल सिंह, गौरव कुकरेजा, किरण राणा, काला जट्ट, कमल बाछल, कमलजीत सिंह विर्क सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Ambala, Ambala | Sep 28, 2026