यमुनानगर में श्मशान घाट के पास मिली खून से सनी लाश, सिर पर चोट के निशान; जेब से 50 हजार रुपये नकद बरामद
हरियाणा के यमुनानगर में बुधवार सुबह खेतों में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह घटना छछरौली थाना क्षेत्र के जेधर गांव में श्मशान घाट के पास की है। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे और उसका चेहरा खून से लथपथ था।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने देखा शव
जेधर गांव के निवासी मोहित ने बताया कि बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग श्मशान घाट की तरफ खेतों में घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले एक खेत में सफेद कपड़ों में एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो उसके सिर पर गहरी चोट लगी हुई थी और चेहरा खून से सना हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत अन्य लोगों को सूचित किया और डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वहां काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच
सूचना मिलते ही डायल 112 और छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच और शव की स्थिति को देखकर पुलिस का अनुमान है कि व्यक्ति की हत्या यहीं की गई होगी। इसके साथ ही, गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
50 हजार रुपये नकद मिले, शिनाख्त के प्रयास जारी
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिसकी उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस जांच के दौरान व्यक्ति के कपड़ों से करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। उसकी जेब फटी हुई थी और पजामा भी खुला हुआ था। इसके अलावा, शव के आसपास किसी वाहन के टायर के निशान भी दिखाई दिए हैं, जबकि पैरों के स्पष्ट निशान नजर नहीं आए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
#apradh
#yamunanagar
Ambala, Ambala | Sep 30, 2026