
नशे की रोकथाम के लिए सप्लाई चेन पर प्रहार जरूरी : उपायुक्त
उपायुक्त ने नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की
संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाएं, नशा तस्करों पर करें सख्त कार्रवाई : उपायुक्त
पंचकूला, 27 अगस्त: उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने आज लघु सचिवालय के सभागार में नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए उनकी सप्लाई चेन को तोड़ना आवश्यक है। इस दिशा में पुलिस और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को संवेदनशील स्थानों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि समाज में फैली इस कुरीति पर अंकुश लगाया जा सके और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं और बच्चों को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा उनके दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा सके।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग द्वारा शुरू किए गए टोल-फ्री नंबर पर मादक पदार्थों की तस्करी और उपयोग से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों को जब्त करने के साथ-साथ इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसीपी अमन कुमार ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि पुलिस विभाग द्वारा टोल-फ्री नंबर 7087081100 शुरू किया गया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों के उपयोग अथवा तस्करी से संबंधित सूचना पुलिस विभाग को दे सकता है। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 10 अभियोग दर्ज किए गए हैं, जिनमें 3 अभियोग वाणिज्यिक मात्रा से संबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के गांवों और अन्य क्षेत्रों में नशीले पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 35 हजार लोगों को जागरूक किया गया है। उन्होंने बताया कि नशे के प्रति जागरूकता अभियान के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें समय-समय पर थाना प्रबंधकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाती हैं। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाता है।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश से हरियाणा में प्रवेश करने वाले संवेदनशील रास्तों की पहचान कर वहां निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इन मार्गों से मादक पदार्थों की संभावित तस्करी पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, ड्रग इंस्पेक्टर डाॅ. प्रवीण कुमार, सीनीयर मैडिकल आफिसर डा मनोज कुमार, डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ संदीप जैन सहित पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia