
उत्तराखंड खनन विभाग की नई पहल!
बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली में भूस्खलन वाले इलाकों की होगी माइक्रो-सीस्मिक मॉनिटरिंग।
देहरादून: बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली जिले के खान बहुल्य क्षेत्रों में अब माइक्रो-सीस्मिक मॉनिटरिंग से निगरानी की जाएगी। इसके लिए भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखंड देहरादून और वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के बीच एमओयू साइन हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव बृजेश कुमार संत की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया था। समिति की सिफारिश पर ही यह फैसला लिया गया है।
योजना के तहत तीनों जिलों में कुल 8 मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। यह अध्ययन वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किया जाएगा। इस पर कुल 2.41 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जिसे भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय वहन करेगा। पहले चरण में यह अध्ययन 5 साल के लिए होगा।
एमओयू पर निदेशालय की ओर से संयुक्त निदेशक जी.डी. प्रसाद और वाडिया संस्थान की ओर से रजिस्ट्रार ने हस्ताक्षर किए।
निदेशक राजपाल लेघा ने बताया कि खान गतिविधियों की आधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग की दिशा में यह नया प्रयास है। उत्तराखंड इस तरह की मॉनिटरिंग करने वाला संभवत: पहला प्रदेश होगा। इससे भूस्खलन की घटनाओं पर समय रहते नजर रखी जा सकेगी।
#Bageshwar #Pithoragarh #Chamoli #UttarakhandNews #MicroSeismicMonitoring #WadiaInstitute #Dehradun