बूथ पर फर्जी मतदान अधिकारी बनकर झाड़ रहा था रोब, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बांसवाड़ा। नगर परिषद चुनाव 2026 के मतदान के दौरान राजतालाब थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को फर्जी मतदान अधिकारी बनकर बूथ पर घूमने के आरोप में गिरफ्तार किया है। राजतालाब थानाधिकारी श्याम सिंह ने कार्रवाई करते हुए सरगड़ावाड़ा निवासी आसिफ खान को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मतदान केंद्र पर खुद को मतदान अधिकारी बताकर रोब झाड़ रहा था और बूथ पर घूम रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों को आशंका हुई। सूचना मिलने पर राजतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस उद्देश्य से फर्जी मतदान अधिकारी बनकर बूथ में पहुंचा था और क्या उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी है। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस कार्रवाई से बूथों पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।