कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। पुलिस की ओर से प्रदर्शन स्थल खाली करने को कहे जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी वहां डटा रहे। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन की अनुमति की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफा देने तक वह प्रदर्शन स्थल पर डटे रहेंगे। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन की अनुमति केवल शाम 5 बजे तक थी।
दीपके ने प्रदर्शन के दौरान एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। इस दौरान उनके साथ जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। वांगचुक ने घोषणा की कि यदि मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो वह 27 जून से अनशन शुरू करेंगे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने दीपके के आह्वान पर 'थाली और चम्मच' बजाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूरा प्रदर्शन स्थल 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से गूंज उठा।
#cjp #cockroachjantaparty