
#बरेली में 1 नवंबर को लगेगा #मेगा #विधिक #सहायता #शिविर, एक छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं
पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की तैयारी, जागरूकता अभियान में जुटे पैरा लीगल वालंटियर
बरेली। आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 1 नवंबर को मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न प्रशासनिक विभागों के सहयोग से पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस शिविर का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने बताया कि शिविर के माध्यम से उत्तर प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें लाभान्वित किया जा सके।
जागरूकता अभियान चला रहे पैरा लीगल वालंटियर
शिविर को लेकर आमजन को जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत पैरा लीगल वालंटियर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वालंटियर शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को मेगा शिविर के उद्देश्य एवं लाभों की जानकारी दे रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें विधिक सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
Bareilly news Live