
#देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर के शिक्षक पर छात्राओं से छेड़खानी का आरोप
देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में एक नाबालिग और एक बालिग छात्रा से कथित छेड़खानी और अमर्यादित व्यवहार का मामला सामने आया है। मामले में थाना बाहबाजार पुलिस ने परिसर के शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पोक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच पूरी होने तक आरोपित शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 अगस्त की बताई जा रही है। संस्थान प्रभारी की ओर से 21 सितंबर को शिक्षक के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने दोनों छात्राओं के साथ अमर्यादित व्यवहार और छेड़खानी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद संस्थान स्तर पर आंतरिक जांच भी शुरू की गई थी। इसी प्रक्रिया के चलते पुलिस को शिकायत देने में करीब एक माह का समय लगा।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसएसआइ अनीता नेगी ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोक्सो एक्ट के तहत जिन प्रावधानों में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान है, उनमें गिरफ्तारी को लेकर विधिक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
थाना बाहबाजार प्रभारी निरीक्षक अमरजीत ने बताया कि परिसर निदेशक की ओर से शिक्षक के खिलाफ छात्राओं से कथित बैड टच के संबंध में लिखित तहरीर दी गई थी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इधर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संस्थान निदेशक पीबीवी सुब्रमण्यम ने बताया कि निष्पक्ष जांच प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षक को फिलहाल गेस्ट हाउस में स्थानांतरित किया गया है। विश्वविद्यालय स्तर पर भी मामले की जांच जारी है।
Pauri, Garhwal | Sep 26, 2026