
12 किलोमीटर तार, ट्रांसफार्मर कॉयल और तेल चोरी… चंदनकियारी सब-स्टेशन में गार्ड को बंधक बनाकर 32 लाख की बड़ी चोरी
#bokaro #Chandankiyari #CrimeNews #JharkhandNews #ElectricityTheft #BokaroPolice
Bokaro: चंदनकियारी स्थित विद्युत सब-स्टेशन परिसर में सोमवार देर रात अपराधियों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। हथियार के बल पर रात्रि प्रहरी को बंधक बनाकर अपराधियों ने करीब 31 लाख रुपये मूल्य की विद्युत सामग्री चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद चास के एएसपी वेदांत शंकर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
##रात्रि प्रहरी को बांधकर गार्ड रूम में किया बंद
अवर प्रमंडल कार्यालय, विद्युत विभाग चंदनकियारी के सहायक अभियंता नरेंद्र मिंज के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में बताया गया है कि देर रात आधा दर्जन से अधिक अपराधी सब-स्टेशन परिसर में घुस आए। अपराधियों ने ड्यूटी पर तैनात रात्रि प्रहरी अशोक हेंब्रम को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांधकर गार्ड रूम में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया। प्रहरी के अनुसार अपराधियों ने पिस्टल जैसी वस्तु दिखाकर उसे धमकाया और किसी को सूचना नहीं देने की चेतावनी दी।
##हाई वोल्टेज तार और ट्रांसफार्मर के पार्ट्स ले गए चोर
चोरों ने सब-स्टेशन से बड़ी मात्रा में विद्युत सामग्री गायब कर दी। विभाग के अनुसार अपराधी करीब 12 किलोमीटर हाई वोल्टेज बिजली तार, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, अपने साथ ले गए। इसके अलावा ट्रांसफार्मर की कॉयल, बिजली तेल, कंडक्टर और ट्रांसफार्मर के अंदर लगे कई महत्वपूर्ण कल-पुर्जे भी खोलकर चोरी कर लिए गए। विभाग ने चोरी गई सामग्री की कुल कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी है।
##सुबह पूजा के लिए पहुंचे गार्ड ने खोला मामला
घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ, जब दूसरी पाली के गार्ड महावीर शर्मा पूजा के लिए फूल तोड़ने पहुंचे। उन्होंने गार्ड रूम के बाहर ताला देखा और अंदर बंद अशोक हेंब्रम को मुक्त कराया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
##वाहन से सामग्री ले जाने की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में बिजली सामग्री चोरी करने के लिए अपराधियों ने किसी वैन या मालवाहक वाहन का इस्तेमाल किया होगा। चोरी की घटना को अंजाम देने में अपराधियों ने काफी समय लगाया होगा। बताया जाता है कि थाना प्रभारी द्वारा पूर्व में विद्युत विभाग को परिसर में रखी बिखरी विद्युत सामग्री और पोल को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके सब-स्टेशन परिसर से इतनी बड़ी चोरी हो गई।
##सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से होगी अपराधियों की पहचान
चास के एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरी में शामिल अपराधियों तक पहुंचेगी।
Chas, Bokaro | Aug 3, 2026