
आरपीएससी परिणाम में रामगढ़ की अर्चना गोपालिया का जलवा, डिप्टी डायरेक्टर पद पर चयन
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), अजमेर द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के लिए आयोजित उप निदेशक (एनालिस्ट-कम-प्रोग्रामर) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के अंतिम परिणाम में रामगढ़ कस्बे की अर्चना गोपालिया ने सफलता हासिल करते हुए डिप्टी डायरेक्टर पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
जानकारी के अनुसार आयोग ने डिप्टी डायरेक्टर के कुल 45 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की थी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की पात्रता जांच हेतु 11 नवंबर 2025 को अस्थायी रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन एवं पात्रता जांच की प्रक्रिया पूरी की गई। आयोग ने 22 जून को अंतिम परिणाम जारी करते हुए 45 सफल अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की।
जारी मेरिट सूची में रामगढ़ निवासी अर्चना गोपालिया पत्नी लोकेश गोपालिया ने 22वां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे कस्बे का गौरव बढ़ाया है। अर्चना गोपालिया पत्रकार महेंद्र गोपालिया के छोटे भाई लोकेश गोपालिया की पत्नी हैं।
अर्चना की सफलता पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। परिणाम घोषित होने के बाद घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। परिवार के सदस्यों ने इसे अर्चना की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अर्चना गोपालिया की यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से रामगढ़ क्षेत्र का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
Alwar, Alwar | Jun 23, 2026