युवती से दोस्ती के विवाद में युवक की मौत, दो युवक और युवती गिरफ्तार
शाहजहांपुर सिंधौली थाना क्षेत्र के बरौरा गांव में युवती दोस्ती के विवाद को लेकर युवक मुकेश की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में तीनों की संलिप्तता सामने आई।
बरौरा निवासी ब्रजपाल ने 13 अगस्त 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अज्ञात लोगों की मारपीट से उनके पुत्र मुकेश की मौत हो गई। इस संबंध में सिंधौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 26 अक्टूबर को बरौरा निवासी जितेंद्र (22) पुत्र ओमप्रकाश और अमरजीत (19) पुत्र रामनिवास को पैना-बरौरा मार्ग के चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। वहीं, संबंधित युवती को बरौरा से करनैयापुर जाने वाले तिराहे के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में युवती से दोस्ती को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 61 और 238 के तहत विधिक कारवाही की गई है।