Public App Logo
टेबल पर रखा था तिरंगा हाथ में रिश्वत की राशि, शिक्षा का मंदिर बना रिश्वतखोरी का अड्डा, निगरानी ने किया गिरफ्तार The silence media news औरंगाबाद- मार्कशीट और सीएलसी के बदले में रिश्वत ले रहे शिक्षक को पटना से आई निगरानी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला जिले के बारुण प्रखंड मुख्यालय पर स्थित केशव उच्च विद्यालय की है। जहां के शारीरिक शिक्षक ने मार्कशीट के बदले पैसे की मांग की थी। गिरफ्तार शिक्षक को निगरानी की टीम अपने साथ ले गई है। औरंगाबाद जिले के बारूण स्थित राजकीय केशव उच्च विद्यालय के रिश्वतखोर शिक्षक शशिभूषण कुमार को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। शशिभूषण कुमार एनआईओएस का कोऑर्डिनेटर था। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम रिश्वतखोर शिक्षक को अपने साथ पटना ले गई है, जहां उसे शुक्रवार को निगरानी की विशेष अदालत में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा। गिरफ्तार शिक्षक नवनेर ग्राम के रिटायर्ड शिक्षक रामजीत यादव का पुत्र है। निगरानी टीम का नेतृत्व कर रही निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की पुलिस उपाधीक्षक ऋषिता स्नेह ने बताया कि बारूण प्रखंड के मखरा गांव निवासी संतोष कुमार ने पटना आकर निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी कंचन कुमारी राजकीय केशव उच्च विद्यालय, बारूण में संचालित होने वाले एनआईओएस से मैट्रिक परीक्षा पास की थी। एनआईओएस से 10वीं पास पत्नी का मार्कशीट एवं एसएलसी के लिए जब वे स्कूल जाते तब उन्हें डॉक्यूमेंट नहीं दिया जाता था और पैसे की मांग की जाती थी। थक हार कर उन्होंने निगरानी में शिकायत की। मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक टीम भेजकर शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी की डीएसपी ऋषिता स्नेह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। निगरानी की टीम ने 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा शिकायत की पुष्टि होने के बाद निगरानी की टीम गुरूवार को छापेमारी करने केशव उच्च विद्यालय बारूण पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता को स्कूल में जाकर टीचर को रिश्वत देकर इशारा करने को कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने जैसे ही टीचर शशिभूषण कुमार को 10 हजार की रिश्वत देते हुए ईशारा किया, वैसे ही विद्यालय में मौजूद निगरानी की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम ने रिश्वतखोर शिक्षक को पकड़ कर अपने साथ पटना ले गई है। मामले में निगरानी की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है। छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर अमन आनंद, सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार, आशीष कुमार चौबे, राकेश कुमार एवं अन्य शामिल रहे। टेबल पर तिरंगा हाथ में रिश्वत यह भी संयोग ही था कि रिश्वतखोर शिक्षक को जब 10 हजार रूपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया, उसके टेबल पर तिरंगा झंडा रखा था। फिलहाल इस घटना की हर जगह चर्चा है। #thesilencemedianews #aurangabad #औरंगाबाद #शिक्षक #निगरानी #barun #बारुण - Obra News