
सीवर लाइन के नाम पर खोदी सड़क, मरम्मत भूला जल निगम
फोटो
रायबरेली। शहर के नया पुरवा मोहल्ले में सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क तीन महीने बाद भी दुरुस्त नहीं कराई गई है। जल निगम की लापरवाही से डिग्री कॉलेज चौराहा से मधुबन क्रॉसिंग को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन बाधित है। रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दूसरे रास्तों से लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क की बदहाली के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। उन्हें जोखिम भरे रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ता है। वहीं, अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले गड्ढे और मलबे से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत कराने के लिए कई बार जल निगम के अधिकारियों और प्रशासनिक जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तीन महीने से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है। विभागीय उदासीनता के चलते लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।