
शाहजहांपुर मिशन शक्ति फेज- 6.0 अभियान के अंतर्गत जनपद की एण्टी रोमियो टीमों द्वारा
दीपावली एवं आगामी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए बालिकाओं एवं महिलाओं को किया गया जागरूक, सार्वजनिक स्थलों पर की गई चेकिंग ।
उक्त अभियान के दौरान आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए वाद – संवाद किया गया व सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों की चेकिंग की गई। साथ ही सार्वजनिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी गई, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं सहित आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
एण्टी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या, अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ अथवा अन्य असामाजिक गतिविधि की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 प्रमुख हैं। इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
*शाहजहाँपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। जनपद में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से एण्टी रोमियो टीमों द्वारा चेकिंग एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।*