
विदिशा में अवैध शराब का बड़ा जखीरा जब्त, 418 पाव देशी मसाला मदिरा बरामद
..
कलेक्टर के निर्देशन में आबकारी विभाग की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
..
कलेक्टर विदिशा श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री विकास त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है।
आबकारी उपनिरीक्षक संजय इवने के नेतृत्व में वृत्त विदिशा ‘अ’ क्षेत्र में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर दुर्गानगर चौराहा स्थित रेमण्ड शोरूम के पीछे एक मकान पर छापामार कार्रवाई की गई। विधिवत तलाशी के दौरान आरोपी राहुल प्रजापति, पिता गोटीराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम शोनाखेजड़ा के कब्जे से दो प्लास्टिक की बोरियों में रखी कुल 418 पाव अवैध देशी मसाला मदिरा बरामद की गई। जब्त मदिरा की कुल मात्रा 75.24 बल्क लीटर पाई गई।
आबकारी विभाग ने मौके पर मदिरा को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। विभाग द्वारा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक संजय इवने के साथ आबकारी आरक्षक पवन गौर, राहुल राठौर, प्रमोद धुर्वे एवं प्रीति परिहार का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#Vidisha