महंगाई की मार से बिगड़ा रसोई का बजट, चीनी के दाम में 20 रुपये का उछाल,
शिवहर। चीनी की कीमत में अचानक हुई बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट प्रभावित होने लगा है। कुछ समय पहले तक करीब 46 रुपये किलो बिकने वाली चीनी अब खुदरा बाजार में 66 रुपये किलो तक पहुंच गई है। एक किलो चीनी पर 20 रुपये की बढ़ोतरी से घरेलू खर्च का हिसाब बिगड़ने लगा है।
चीनी के दाम बढ़ने का असर चाय, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों पर भी पड़ रहा है। चाय के शौकीन लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतों की कीमत बढ़ने से महीने का खर्च लगातार बढ़ रहा है। वहीं चाय दुकानदारों के सामने भी लागत बढ़ने की समस्या खड़ी हो गई है।
दुकानदारों के अनुसार थोक बाजार में चीनी की कीमत बढ़ने के कारण खुदरा बाजार में भी तेजी आई है। गृहिणियों का कहना है कि पहले से ही महंगाई के दबाव के बीच चीनी के दाम में वृद्धि ने रसोई का बजट और बिगाड़ दिया है। उपभोक्ताओं ने आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की है।