
रेवाड़ी बार चुनाव में पहली बार 6 पदों पर मुकाबला:30% पद महिलाओं के लिए रिजर्व, 11 सितंबर को मतदान; चुनावी शेड्यूल घोषित
रेवाड़ी बार के 11 सितंबर को होने वाले चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया गया है। 1 व 2 सितंबर को उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन के बाद 2 को शाम को जांच की जाएगी। 3 सितंबर को वापस लिए जा सकेंगे। करीब 2200 अधिवक्ता चुनाव में मतदान करेंगे। 11 सितंबर को 8 से 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
मतदान करने के लिए अपना बार एसोसिएशन या बार कौंसिल पंजाब एवं हरियाणा का जारी किया पहचान पत्र के साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। 30% पद महिलाओं अधिवक्ताओं के लिए रिजर्व होंगे। चुनाव अधिकारी सतीश डागर,अश्विनी कुमार तिवारी, चौधरी चरण सिंह, शमशेर सिंह यादव,चंदन यादव, नरेश कुमार यादव तथा रमेश कुमार यादव ने बैठक कर कार्यक्रम की घोषणा की।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश एवं बार कौंसिल पंजाब एवं हरियाणा के निर्देशानुसार अब पदाधिकारी की संख्या में दो महिला पदाधिकारी शामिल हो गई है। कोई भी प्रत्याशी वोट लेने के लिए कार्यालय चला कर वोट की अपील के लिए सामूहिक मीटिंग तथा एकत्रीकरण नहीं करेगा। ना ही कोर्ट परिसर में या चेंबर परिसर में किसी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति होगी।
ग्रीन प्रचार अभियान के तहत प्रत्याशी अपना वोट मांगेंगे। यदि प्रत्याशी ऐसा नहीं करते हैं, तो शिकायत मिलने पर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्याशियों की फीस निर्धारण के साथ ही कुछ नियम भी जारी किए गए हैं।
इस बार 5 की जगह 6 पदों का चुनाव
पहली बार 5 की जगह 6 पदों के लिए चुनाव होगा। प्रधान के अलावा उप प्रधान (सामान्य), उप प्रधान (महिला), सचिव, सह सचिव (महिला) तथा कोषाध्यक्ष के लिए मतदान होगा। जिसमें जिला बार एसोसिएशन के करीब 2200 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
Rewari, Rewari | Aug 22, 2026