
समग्र 2.0 एवं एमपी-ई सेवा पर सचिवों और रोजगार सहायकों का ऑनलाइन प्रशिक्षण सम्पन्न, 58 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
..
कलेक्टर विदिशा श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले में समग्र पोर्टल की प्रक्रियाओं को त्रुटिरहित एवं नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से प्रथम चरण में शुक्रवार, 3 जुलाई को शासन के निर्देशानुसार पर्यावरण अनुकूल अर्द्धदिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जनपद पंचायत बासौदा के ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें समग्र संबंधी प्रक्रियाओं, समग्र 2.0 लॉगिन तथा एमपी-ई सेवा जागरूकता विषय पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समग्र पोर्टल की नवीन प्रक्रियाओं से अवगत कराना, समग्र 2.0 प्रणाली के प्रभावी संचालन में दक्ष बनाना तथा एमपी-ई सेवा के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को समग्र आईडी से जुड़ी विभिन्न सेवाओं, परिवार एवं सदस्य विवरण के अद्यतन, दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, त्रुटि सुधार, समग्र 2.0 लॉगिन संचालन तथा पोर्टल में जोड़े गए नवीन फीचर्स की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही एमपी-ई सेवा के माध्यम से आमजन को उपलब्ध विभिन्न सेवाओं एवं उनकी सेवा प्रदाय प्रक्रिया की भी विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर समग्र संबंधी कार्यों का प्रभावी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद पंचायत बासौदा के 58 सचिवों एवं रोजगार सहायकों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए समग्र पोर्टल पर दर्ज जानकारी को नियमित रूप से अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखने तथा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शासन की जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं डिजिटल सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। #Vidisha