
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियां 30 सितंबर तक- एसडीएम श्री संयम गर्ग
ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियां 30 सितंबर तक दर्ज करवा सकेंगे नागरिक
12, 13, 26 और 27 सितंबर को बूथों पर विशेष अभियान; सुबह 9 से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेंगे बीएलओ
एसडीएम श्री संयम गर्ग ने बूथों का किया निरीक्षण
पंचकूला, 12 सितंबर : कालका के एसडीएम श्री संयम गर्ग ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची पर नागरिक 30 सितंबर , 2026 तक अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक निर्धारित तिथि तक मतदाता सूची से संबंधित अपना दावा या आपत्ति दर्ज करवा सकता है।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए 12 सितंबर, 13 सितंबर, 26 सितंबर और 27 सितंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों सभी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
विशेष अभियान के दौरान नागरिक नया वोट बनवाने, मतदाता सूची से नाम हटवाने अथवा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन करवाने के लिए संबंधित प्रपत्र भरकर जमा करवा सकेंगे। एसडीएम ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना दावा अथवा आपत्ति अवश्य दर्ज करवाएं।
अभियान की तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर एसडीएम श्री संयम गर्ग ने आज विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ से बातचीत कर अभियान की तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम श्री संयम गर्ग ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। इसलिए सभी पात्र नागरिक इस अवसर का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।