
रोहतास जिले में संचालित विशेष सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की आज दिनांक 17.11.2026 को जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बंदोबस्त पदाधिकारी श्री नवीन कुमार एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिले के 19 सर्वेक्षण शिविरों के अंतर्गत संचालित 1960 मौजों में सर्वेक्षण कार्यों की अद्यतन स्थिति की शिविरवार समीक्षा की गई। प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, सभी 1960 मौजों का सीमांकन एवं ग्राम सीमा सत्यापन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, 1930 मौजों में प्रपत्र-5 का कार्य पूरा हो चुका है तथा 30 मौजों में यह लंबित है। कुल 761 मौजों में किस्तवार कार्य पूर्ण किया गया है, जबकि 49 मौजों में खानापुरी का कार्य पूरा हुआ है। इसके अतिरिक्त 5 मौजों में प्रपत्र-07 (एलपीएम) प्रकाशित किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिए कि दिसंबर माह तक जिले में कम-से-कम 70 प्रतिशत किस्तवार कार्य हर हाल में पूर्ण करें। साथ ही, किस्तवार कार्य की प्रगति के अनुरूप खानापुरी का कार्य भी समानुपातिक रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने एवं अनावश्यक शिथिलता बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। शिविरवार समीक्षा के दौरान सूर्यपुरा शिविर में किस्तवार कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सासाराम, रोहतास, राजपुर, नोखा, तिलौथू एवं बिक्रमगंज सहित अन्य सर्वेक्षण शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बंदोबस्त पदाधिकारी को सभी सर्वेक्षण शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष सर्वेक्षण का उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सर्वेक्षण कार्य में पूरी सावधानी एवं शुद्धता बरती जाए, ताकि रैयतों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
#RohtasAdministration
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Nov 17, 2026