
शिवहर में परिवार नियोजन के आधुनिक साधन 'अंतरा सबक्यूटेनियस' (MPA-SC) पर रिफ्रेशर ट्रेनिंग का आयोजन,
शिवहर:जिला स्वास्थ्य समिति शिवहर के सभागार में आज पीएसआई-इंडिया के सहयोग से एक दिवसीय रिफ्रेशर ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण सरोजा सीताराम सदर अस्पताल शिवहर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराही, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमरोली, HWC सिंगाही एवं बसहिया शेख की सभी एएनएम (ANM), जीएनएम (GNM) और स्टाफ नर्सों के लिए परिवार नियोजन के आधुनिक साधन 'अंतरा सबक्यूटेनियस' (MPA-SC) विषय पर केंद्रित था। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. रवींद्र कुमार सिंह ने की। ट्रेनिंग के प्रमुख बिंदु:
1. अस्पताल के विभिन्न वार्डों में सेवा का विस्तार: सिविल सर्जन शिवहर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य 'अंतरा सबक्यूटेनियस' साधन को मजबूती प्रदान करना और अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों व विभागों में इस सेवा का विस्तार करना है।
2. राज्य में प्रथम स्थान का लक्ष्य: डॉ. रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिवहर जिले में MPA-SC के प्रदर्शन में अभी बहुत काम करने की आवश्यकता है। यदि सदर अस्पताल के सभी चिन्हित वार्डों (टीकाकरण, ओपीडी, प्रसव वार्ड, ओटी, एएनसी आदि) में इसका विस्तार हुआ, तो जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहेगा। उन्होंने उपाधीक्षक को सभी मुख्य विभागों में इसे शुरू करने और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पिपराही को कार्यक्रम में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।
3. सुरक्षित और अत्याधुनिक साधन: जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती मुक्ता भारती ने बताया कि अंतरा सबक्यूटेनियस परिवार नियोजन का एक अत्याधुनिक अस्थाई साधन है। इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है और हर इच्छुक व योग्य दंपत्ति को इसे अपनाना चाहिए।
4. प्रदर्शन में सुधार की आवश्यकता: जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी शोएब रजा और जिला सामुदायिक उत्प्रेरक श्री रवि कुमार ने कहा कि जिले में परिवार नियोजन का कार्य अच्छा चल रहा है, लेकिन अंतरा सबक्यूटेनियस के मामले में प्रदर्शन अभी संतोषप्रद नहीं है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यक्रम में सुधार करना और अगले डोज के लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि लाना है।
5. तकनीकी सहयोग और जानकारी: मास्टर ट्रेनर डॉ. रूबी कुमारी (जिला अस्पताल शिवहर) एवं डॉ. सुषमा (सीएचसी पिपराही) ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से MPA-SC के बारे में विस्तृत जानकारी दी और प्रशिक्षुओं के सभी डाउट्स क्लियर किए।
6. उचित अंतराल पर जोर: पीएसआई-इंडिया के प्रतिनिधि नृपेन्द्र कुमार एवं रविकान्त सिंह ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य माँ और बच्चे के उत्तम स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण के लिए दो बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल सुनिश्चित करना है।