
"नशा मुक्त भारत विकसित भारत की पहचान" अभियान के तहत निवाड़ी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
--
युवा शक्ति को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से संचालित नशा मुक्त भारत विकसित भारत की पहचान अभियान के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय निवाड़ी में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एन. खान के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेन्द्र आरोलिया रहे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में नशामुक्ति का संदेश गूंज उठा, जब छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित जनों ने प्रतिज्ञा की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के सकारात्मक कार्यों में लगाएँ तथा समाज में जनजागरण के वाहक बनें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने हेतु निरंतर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। यह आयोजन युवाओं में जागरूकता, आत्मानुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
#JansamparkMP #niwari