
नगर उंटारी में जुआ अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹10.49 लाख नकद के साथ 8 गिरफ्तार
नगर उंटारी। नगर उंटारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित जुआ अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹10 लाख 49 हजार नकद समेत बड़ी संख्या में वाहन और अन्य सामान बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 07 सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) यशोधरा के नेतृत्व में नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार एवं QRT टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जुआ खेलते हुए 8 लोगों को पकड़ा गया।
छापेमारी में पुलिस ने ₹10.49 लाख नकद, 4 चारपहिया वाहन, 4 मोटरसाइकिल, 8 मोबाइल फोन, ताश के पत्ते, दरी एवं जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले लोग शामिल हैं। मामले को लेकर नगर उंटारी थाना कांड संख्या 184/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जुआ संचालकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। गढ़वा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Garhwa Police
Kanke, Ranchi | Sep 9, 2026