
73 मामलों में पीड़ितों को मिला 77.65 लाख का मुआवजा, डीएम ने दोषसिद्धि की रफ्तार तेज करने का दिया निर्देश
लखीसराय। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में तृतीय जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अधिनियम के तहत लंबित मामलों, पीड़ितों को मुआवजा भुगतान और न्यायालय में विचाराधीन वादों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे ने बताया कि 73 थाना कांडों में पीड़ितों के बैंक खातों में कुल 77 लाख 65 हजार 751 रुपये का मुआवजा भुगतान किया जा चुका है। वहीं न्यायालय में गवाही के लिए उपस्थित 14 साक्षियों को यात्रा भत्ता भी दिया गया है। समीक्षा अवधि में कुल 32 आरोप-पत्र प्राप्त हुए हैं।
विशेष लोक अभियोजक के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने न्यायालय में सरकार का पक्ष प्रभावी तरीके से रखने और दोषसिद्धि की गति तेज करने का निर्देश दिया। एसपी प्रेरणा कुमार ने विशेष लोक अभियोजक को ऐसे पांच वादों का चयन करने को कहा, जिनमें प्रभावी पैरवी के जरिए दोषसिद्धि सुनिश्चित कराई जा सके। डीएम ने लंबित आरोप-पत्रों का शीघ्र निष्पादन और अधिनियम के प्रावधानों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
सफाई कर्मियों की हर तीन माह में होगी स्वास्थ्य जांच
इसके बाद मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम, 2013 के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच, फॉगिंग, सुरक्षा उपकरण और सफाई किट की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
डीएम ने बड़हिया, सूर्यगढ़ा एवं लखीसराय नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों को प्रत्येक तीन माह में सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही नगर परिषद क्षेत्रों में नालों की नियमित उड़ाही, निर्धारित शेड्यूल के अनुसार फॉगिंग और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने को कहा।
किऊल जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक को सफाई कर्मियों के लिए सफाई किट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक विश्वजीत कुमार, श्रम अधीक्षक संजय कुमार, तीनों नगर परिषदों के कार्यपालक पदाधिकारी, विशेष लोक अभियोजक बच्चू प्रसाद समेत समिति के सदस्य एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।