
27 अगस्त को धार में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’ — खेल की बात पीएम के साथ, युवाओं से सीधा जुड़ेंगे प्रधानमंत्री मोदी
धार, 26 अगस्त 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) को ‘खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात पीएम के साथ’ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। धार जिले में यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम दो चयनित महाविद्यालयों—प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, धार एवं शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, धार में एक साथ आयोजित होगा।
जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का लाइव वर्चुअल संबोधन रहेगा। इसका सीधा प्रसारण दोनों महाविद्यालयों में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली तथा राष्ट्र निर्माण के विजन से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी देशभर के युवाओं एवं खिलाड़ियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रेरणादायी संवाद करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों, युवा आइकॉन एवं अतिथियों के बीच खेल जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। युवाओं के विचार एवं सुझाव दर्ज करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ डिजिटल मंच से जोड़ने के लिए पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ का उद्देश्य केवल खेल एवं फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने जिले के समस्त छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं युवाओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है।
#kheloindia
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh