कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार के ऑडिटोरियम में 7 दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित एवं सजग नागरिक प्रशासन और राहत-बचाव दल के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रभावी सहयोग के लिए प्रोत्साहित करते हुए प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान आपदा मित्र की भूमिका, जिम्मेदारियों तथा त्वरित सहायता के महत्व की जानकारी दी।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि बाढ़, भूकंप, आगजनी, भवन दुर्घटना, सड़क दुर्घटना सहित विभिन्न आपदा परिस्थितियों में प्रारंभिक स्तर पर उपलब्ध सहायता कई बार जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाती है। ऐसे में आपदा मित्रों का प्रशिक्षित, अनुशासित एवं संवेदनशील होना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मीना ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से जीवन रक्षक किट का वितरण भी किया।
*250 प्रशिक्षणार्थी होंगे शामिल*
7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 250 प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की मूल अवधारणाओं के साथ खोज एवं बचाव तकनीक, प्राथमिक उपचार, बाढ़ एवं जल आपदा में बचाव, अग्नि सुरक्षा, भूकंप के दौरान सुरक्षा उपाय, रस्सी आधारित बचाव तकनीक, आपातकालीन संचार तथा विभिन्न आपदा परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सहित महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
*आपदा के समय तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका*
प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में प्रशिक्षित, सक्षम एवं जिम्मेदार स्वयंसेवकों का ऐसा नेटवर्क तैयार करना है, जो आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं अन्य राहत-बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग कर सके। प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि “आपदा मित्र केवल एक प्रशिक्षित स्वयंसेवक नहीं, बल्कि आपदा के समय समाज की पहली सहायता श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा है।”
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड जिला धार श्री आर.पी. मीना, होमगार्ड, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh