
*सफलता की कहानी*
*बड़वानी के नयन चौधरी को विदेशी उच्च शिक्षा के लिए मिला 37 लाख से अधिक का छात्रवृत्ति अनुदान*
राज्य शासन की मंशानुरूप अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को पंख देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला बड़वानी के अजंड निवासी श्री नयन चौधरी को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, म.प्र. भोपाल की योजना के तहत वर्ष 2025-26 हेतु ₹37,09,903/- की छात्रवृत्ति राशि का भुगतान किया गया है।
*सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले नयन की शैक्षणिक यात्रा*
श्री नयन चौधरी, पिता श्री महेश चौधरी, ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अजंड के ही 'अजंड पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल' से कक्षा 10वीं तक उत्तीर्ण की। इसके पश्चात उन्होंने कक्षा 12वीं 'विद्यासागर स्कूल इंदौर' से तथा व्यवसायिक प्रबंधन (बिजनेस मैनेजमेंट) में स्नातक की डिग्री 'मेडिकैप्स विश्वविद्यालय इंदौर' से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। अपनी योग्यता और निर्धारित पात्रता के आधार पर उन्होंने विभागीय पोर्टल mpom.mp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था।
*ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में हुआ चयन*
व्यवसायिक प्रबंधन में स्नातक की योग्यता के आधार पर श्री नयन चौधरी का चयन उच्च अध्ययन हेतु विश्व प्रसिद्ध 'द यूनिवर्सिटी ऑफ क्वींसलैंड, ऑस्ट्रेलिया' में हुआ है। जिला कलेक्टर बड़वानी श्रीमती जयति सिंह के अनुमोदन उपरांत, विभाग द्वारा उनके प्रथम वर्ष की पढ़ाई हेतु ₹37,09,903/- की राशि उनके खाते में जारी कर दी गई है। इस वित्तीय सहायता के मिलने से नयन और उनके परिवार में अत्यंत हर्ष का वातावरण है।
*योजना की मुख्य विशेषताएँ*
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा, वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को विदेश में विशिष्ट क्षेत्रों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों, शोध उपाधि (पीएचडी) एवं तदुपरांत शोध कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की आयु 35 वर्ष से कम होनी चाहिए, माता-पिता/अभिभावक की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय क्रीमीलेयर की निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा माता-पिता का एक ही बच्चा इस छात्रवृत्ति की पात्रता रखता है।
इस सफलता पर जिला प्रशासन ने श्री नयन चौधरी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।