
मांगों को लेकर सवायजपुर में लेखपालों का प्रदर्शन, 17 अक्टूबर से काम बंद करने की चेतावनी
हरदोई/सवायजपुर। सवायजपुर तहसील परिसर में लेखपालों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेखपालों ने एसडीएम शिवानी सिंह को ज्ञापन सौंपकर वर्षों से लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। संघ ने मांगों का समाधान न होने पर 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में काम बंद करने की चेतावनी दी है।
लेखपाल संघ का कहना है कि बढ़ते कार्यभार, संसाधनों की कमी, लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति और अतिरिक्त ड्यूटी के कारण लेखपालों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 10 वर्षों से ग्रेड पे 2800 किए जाने और वेतन विसंगति दूर करने की मांग लंबित बताई गई।
संघ के अनुसार, पिछले आठ वर्षों से अंतरमंडलीय तबादले नहीं हुए हैं, जिसके कारण करीब 2700 लेखपाल अपने घरों से दूर तैनात हैं। इसके अलावा पदोन्नति सूची 2025-26 और वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम भी लंबित होने की बात कही गई।
लेखपालों ने पिछले 16 वर्षों से भत्तों में बढ़ोतरी न होने पर भी नाराजगी जताई। ज्ञापन में पटल से अवमुक्ति, ग्राम सचिवालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं।
प्रदर्शन के दौरान तहसील अध्यक्ष महेश चंद्र राजपूत और मंत्री अभिषेक कुमार द्विवेदी ने लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताई। एसडीएम शिवानी सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट: देवेन्द्र सिंह