
उदयपुर ACB ट्रैप मामला
2 करोड़ की रिश्वत का मामला: SOG के ASP का दलाल ACB के हत्थे चढ़ा, ASP भी हिरासत में
उदयपुर। उदयपुर ACB की स्पेशल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ ‘टाटला’ को 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद ACB टीम ने ASP मुकेश कुमार सोनी को बालोतरा स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया।
ACB के अनुसार, 272 भूखंडों से जुड़े मामले में आरोपियों को राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने और जब्त दस्तावेज लौटाने के एवज में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई।
ACB ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम में 4 लाख रुपये के असली नोट और 1.96 करोड़ रुपये के डमी नोट शामिल किए। परिवादी से रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने सज्जन सिंह जैन उर्फ ‘टाटला’ को पकड़ लिया।
ACB के मुताबिक, कार्रवाई DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन, ASP गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के मार्गदर्शन और डिप्टी डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की गई। ASP मुकेश कुमार सोनी और गिरफ्तार आरोपी सज्जन सिंह जैन से पूछताछ जारी है।
272 भूखंड मामला
उदयपुर नगर निगम से जुड़े 272 भूखंडों के कथित गबन का मामला लंबे समय से जांच के दायरे में है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज और रसीदों के जरिए कई भूखंडों को अपने या अन्य लोगों के नाम करवाकर बाद में बेचा गया। मामले में SOG की ओर से अब तक कई गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं और जांच जारी है।