
कमरऊ के बागनधार माइन हादसे में दूसरा शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी
सिरमौर। कमरऊ के बागनधार क्षेत्र स्थित माइन में हुए हादसे के बाद जारी रेस्क्यू अभियान में बुधवार को एक और शव बरामद कर लिया गया है। चट्टानों के बीच फंसे शव को रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ है।
बरामद शव की पहचान धन सिंह पुत्र रूप सिंह, निवासी नेपाल के रूप में हुई है। इससे पहले हादसे में एक अन्य व्यक्ति का शव भी बरामद किया जा चुका है। हादसे के बाद अब तीसरा व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है।
रेस्क्यू टीम की ओर से चट्टानों और मलबे के बीच लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। टीम तीसरे लापता व्यक्ति तक पहुंचने के लिए बेहद सावधानी से मलबा और चट्टानें हटाने में जुटी है।
मौके पर एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह रेस्क्यू टीम के साथ मौजूद हैं और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
बागनधार क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन और रेस्क्यू टीम की प्राथमिकता अब चट्टानों के बीच फंसे तीसरे व्यक्ति को तलाशना और अभियान को सुरक्षित तरीके से पूरा करना है।
न्यूज टुडे हिमाचल