
*रीवा में गैस सिलेंडर का ‘खेल’! घर नहीं पहुंचता सिलेंडर, फिर भी वसूला जा रहा डिलीवरी चार्ज*
*वर्तिका एजेंसी रीवा पर उपभोक्ताओं के गंभीर आरोप: रेलवे अंडरब्रिज से कॉलेज चौराहे तक गाड़ी का इंतजार करते ग्राहक, ₹100 अतिरिक्त वसूली पर उठे सवाल*
*रीवा।* गैस सिलेंडर चाहिए तो बुकिंग के बाद घर पर डिलीवरी का इंतजार मत कीजिए… *एजेंसी की गाड़ी जहां खड़ी मिले, वहां पहुंचकर खुद सिलेंडर उठाइए!* रीवा की वर्तिका एजेंसी को लेकर सामने आई उपभोक्ताओं की शिकायतें कुछ ऐसा ही सवाल खड़ा कर रही हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि *रेलवे अंडरब्रिज, कॉलेज चौराहा, सांची सेंटर समेत अलग-अलग स्थानों पर एजेंसी की गाड़ी से सिलेंडर दिए जाते हैं?* यानी ग्राहक को सिलेंडर लेने के लिए खुद गाड़ी तक पहुंचना पड़ता है।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। शिकायत यह भी है कि *होम डिलीवरी के नाम पर ₹100 अतिरिक्त राशि* ली जा रही है। ऐसे में उपभोक्ता पूछ रहे हैं — *जब सिलेंडर घर तक पहुंचा ही नहीं, तो डिलीवरी का पैसा किस बात का?*
*₹970 से ₹1800 तक पहुंचा सिलेंडर?*
वर्तिका एजेंसी को लेकर एक और गंभीर शिकायत सामने आई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि *करीब ₹970 वाला घरेलू गैस सिलेंडर कथित तौर पर ₹1800 तक में बेचा जा रहा है।*
अगर यह आरोप जांच में सही पाया जाता है, तो सवाल सिर्फ एक ग्राहक की जेब का नहीं, बल्कि *पूरी वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता* का होगा।
*अब विभाग की बारी*
एक तरफ ग्राहक खुद गाड़ी तक जाकर सिलेंडर लेने की बात कह रहे हैं, दूसरी तरफ डिलीवरी शुल्क और कथित अधिक कीमत वसूली के आरोप सामने हैं।
अब सवाल सीधा है— *क्या संबंधित विभाग वर्तिका एजेंसी की डिलीवरी व्यवस्था, बिलिंग और उपभोक्ताओं से ली जा रही अतिरिक्त राशि की जांच करेगा?*
*आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। वर्तिका एजेंसी रीवा का पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा ।*
Mauganj, Rewa | Sep 14, 2026