
राज्यस्तरीय गणित-विज्ञान प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
खिजरसराय गया। गणित एवं विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राज्यस्तरीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गया अभियंत्रण महाविद्यालय, गया द्वारा विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय गणित दिवस 2026 एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2027 से संबंधित राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्वारिका दास नीमा के निर्देशानुसार प्राध्यापकों की टीम ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित किया। अभियान में डॉ. योगेन्द्र कुमार सिंह एवं डॉ. सुरेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस क्रम में टीम ने गया के विभिन्न विद्यालयों के साथ-साथ मानव भारती पब्लिक स्कूल एवं ज्ञान दीप पब्लिक स्कूल, केंदुई पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं के उद्देश्य, स्वरूप एवं भागीदारी की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रोफेसरों ने विद्यार्थियों को बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें अपनी गणितीय एवं वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का राज्यस्तरीय अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों से भी प्रतिभावान विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्वारिका दास नीमा ने इस प्रकार के जागरूकता अभियान को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, गणितीय अभिरुचि और नवाचार की भावना विकसित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को राज्यस्तर पर प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराना है।