
सहरसा में फेसबुक पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट करना पड़ा महंगा, कट्टा-कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
सहरसा में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो पोस्ट कर रौब दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। सदर थाना क्षेत्र के टीओपी-02 पुलिस ने फेसबुक पर वायरल तस्वीर की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए युवक को कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम सूचना मिली थी कि एक फेसबुक आईडी से हथियार के साथ युवक की तस्वीर पोस्ट की गई है। सत्यापन के बाद पुलिस ने कहरा कुटी चौक के पास छापेमारी की। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रिफ्यूजी कॉलोनी वार्ड नंबर-6 निवासी टुनटुन यादव के 19 वर्षीय पुत्र युगराज कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसके पास से रेडमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक युवक हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब वायरल फोटो और हथियार के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
#Saharsa #SaharsaNews #BiharNews #CrimeNews #SaharsaPolice #Facebook #ArmsAct #BiharPolice