#महनसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस
भामाशाहों का किया अभिनंदन, बोर्ड एवं स्थानीय कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
बिसाऊ। स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महनसर में शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षाेल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच यशवर्धन सिंह राठौड़ उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य जयराम जांगिड़ एवं विद्यालय स्टाफ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत लोकनृत्य, नाटक एवं प्रेरक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर समारोह में समां बांध दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने खूब सराहा।
भामाशाहों का साफा व माला पहनाकर किया अभिनंदन
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग करने वाले दानदाता भामाशाहों का विशेष सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य जयराम जांगिड़, विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों ने पधारे हुए भामाशाहों का साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया।
विद्यालय परिवार ने भामाशाहों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के सहयोग से विद्यालय के विकास को नई गति मिलती है। भामाशाहों ने भी विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में भविष्य में सहयोग जारी रखने की भावना व्यक्त की।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
इसके बाद परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय की बोर्ड कक्षाओं कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं तथा स्थानीय कक्षाओं कक्षा 6वीं, 7वीं, 9वीं एवं 11वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि यशवर्धन सिंह राठौड़ एवं उपस्थित भामाशाहों ने मेधावी विद्यार्थियों को अपने कर-कमलों से सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
सरपंच ने दी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
मुख्य अतिथि सरपंच यशवर्धन सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भामाशाहों द्वारा विद्यालय के लिए किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मिठाई वितरण के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य जयराम जांगिड़ ने मुख्य अतिथि, भामाशाहों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों में मिठाई का वितरण किया गया। राष्ट्रप्रेम, सम्मान और उत्साह के माहौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ। #bissau #jhunjhununews #shekhawatiexpress #RajasthanNews #UpdateNews #NewsUpdate #highlightseveryone