
किशनगंज जिला पदाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा की
किशनगंज जिला मुख्यालय स्थित आज दिनांक 06.08.2026 को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विद्युत अवसंरचना, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना, आरडीएसएस योजना, स्मार्ट प्रीपेड मीटर अधिष्ठापन तथा निर्माणाधीन विद्युत शक्ति उपकेंद्रों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि किशनगंज एवं बहादुरगंज विद्युत प्रमंडलों के अंतर्गत 33 केवी फीडर एवं 11 केवी फीडर संचालित हैं, जिनकी कुल लंबाई 2,916 किलोमीटर है। जिले में कुटीर ज्योति के 1,58,489, घरेलू श्रेणी के 2,00,603, गैर-घरेलू श्रेणी के 41,141, एवं अन्य सहित कुल 4,20,393 विद्युत उपभोक्ता हैं। साथ ही जिले में कुल 10 विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 28,593 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 11,801 आवेदन निरस्त किए गए हैं। 14,989 आवेदकों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि 1,803 आवेदन लंबित हैं। जिला पदाधिकारी ने लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
बैठक में अवगत कराया गया कि आरडीएसएस योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा जिले में स्मार्ट प्रीपेड मीटर अधिष्ठापन का कार्य प्रगति पर है। टेढ़ागाछ प्रखंड में स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन में आ रही कठिनाइयों के संबंध में जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, टेढ़ागाछ को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए बैठक आयोजित करने तथा अधिष्ठापन कार्य में उत्पन्न बाधाओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान पोठिया प्रखंड के कोल्था क्षेत्र में 33 केवी विद्युत तार के नीचे लटकने की सूचना पर जिला पदाधिकारी ने गंभीर संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग को अंचलाधिकारी, पोठिया के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त समस्या का तत्काल निराकरण कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति से संबंधित सभी योजनाओं एवं कार्यों का समयबद्ध निष्पादन, विद्युत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
#viralpost #vacaciones #viralreelschallenge #viralchallenge #videogames #venezuela #viralreels #2026Goals #newyork #BigBreaking