
राष्ट्रीय अंडर-14 कुश्ती प्रतियोगिता में राजस्थान टीम के प्रशिक्षक नियुक्त हुए भरत सनाढ्य
नाथद्वारा/खमनोर। क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, जीवा खेड़ा (उठाड़ा), पंचायत समिति खमनोर में कार्यरत शारीरिक शिक्षक श्री भरत कुमार सनाढ्य को राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 छात्रा कुश्ती प्रतियोगिता के लिए राजस्थान राज्य दल का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर द्वारा की गई है।
राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए पूर्व-चयन परीक्षण 23 एवं 24 अक्टूबर 2026 को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, माली मोहल्ला, पुर, भीलवाड़ा में आयोजित किया जाएगा। चयनित पहलवानों के लिए 25 से 29 अक्टूबर 2026 तक प्रतियोगिता पूर्व प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा।
इसके पश्चात 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें राजस्थान राज्य की छात्रा कुश्ती टीम भाग लेगी।
भरत कुमार सनाढ्य की इस नियुक्ति से क्षेत्र के खेल जगत एवं शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि स्थानीय विद्यालय और समूचे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण है।
इस संबंध में जानकारी संस्था प्रधान श्रीमती सरोज सोनी ने दी।