
#दौसा:
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) नीमच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है।
इस मामले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को 115.160 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़ी गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कौन है आरोपी मालाराम?
गिरफ्तार आरोपी मालाराम बिश्नोई, जो फलौदी का निवासी है, सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता है। मालाराम हाल ही में जोधपुर की महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनिता बिश्नोई पर की गई अभद्र बयानबाजी और विवादों के कारण चर्चा में आया था। अब उसके इस गंभीर अपराध में पकड़े जाने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
सीबीएन को पुख्ता इनपुट मिला था कि गुवाहाटी से जोधपुर के लिए अफीम की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इस सूचना पर टीम ने आरोपी की करीब 2000 किलोमीटर तक ट्रैकिंग की। अंततः 20 जून की सुबह आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड नंबर की हुंडई क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई।
इत्र और परफ्यूम से छिपाने की कोशिश
तस्करी का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी ने कार की डिक्की में 109 पैकेटों में कुल 115.160 किलो अफीम तीन बोरियों में छिपाकर रखी थी। मादक पदार्थ की तीखी गंध को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से छिपाने के लिए उसने पूरी कार में भारी मात्रा में इत्र और परफ्यूम का छिड़काव कर रखा था।
एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई, 2 दिन का रिमांड
सीबीएन की टीम ने अफीम और कार को जब्त कर लिया है। आरोपी मालाराम बिश्नोई को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर रविवार को दौसा के एनआई कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी एवं विपिन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में निरीक्षक परिक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव सहित अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही।