Hanumangarh Police
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
50 ऑटो-रिक्शा जब्त, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 13 चालकों सहित 71 वाहनों को किया सीज
संगरिया की आवाज़।
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ऑटो एवं रिक्शा सहित कुल 73 वाहनों को सीज किया। कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट, फिटनेस, परमिट तथा चालकों की वैधता की जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया।
थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि अभियान के दौरान 13 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। ऐसे चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज किए गए। इसके अलावा 8 वाहन बिना नंबर प्लेट, बिना पंजीकरण अथवा आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर संचालित होते पाए गए, उन्हें भी सीज किया।
उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ती यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान कुल 50 ऑटो एवं रिक्शा विभिन्न अनियमितताओं के कारण जब्त किए गए। इनमें कई वाहन बिना आवश्यक दस्तावेजों, बिना वैध परमिट तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाए गए। सभी वाहनों को नियमानुसार सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। नियमों की पालना से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संगरिया की आवाज़
Rajasthan Police संगरिया पुलिस Bikaner Police Ganganagar Police Igp Bikaner