
बहराइच के अर्नव सिंह ने फिर रचा इतिहास!
राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर अर्नव की चौकड़ी ने जीता गोल्ड मेडल, यूपी का बढ़ाया मान
बहराइच। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी धावक अर्नव सिंह ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बहराइच, मंडल और उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अंडर-17 बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले दौड़ के फाइनल मुकाबले में अर्नव सिंह, मयंक बहादुर, समीर खान और शौर्यवीर सिंह की चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 3 मिनट 16.34 सेकंड में दौड़ पूरी की और पिछले एसजीएफआई मीट रिकॉर्ड 3 मिनट 21.62 सेकंड को ध्वस्त कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने तमिलनाडु और केरल को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। तमिलनाडु की टीम ने 3 मिनट 16.71 सेकंड के साथ रजत, जबकि केरल ने 3 मिनट 19.01 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता।
अर्नव सिंह और उनके साथी खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से बहराइच सहित पूरे मंडल में खुशी की लहर है। प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
चार धावक, एक लक्ष्य और नया राष्ट्रीय कीर्तिमान... अर्नव सिंह की इस स्वर्णिम सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बहराइच की प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रही है।