
यूजीसी के नए नियमों के विरोध में उतरी करणी सेना, महिपाल सिंह मकराना समेत 40 से 50 कार्यकर्ता हिरासत में
रतलाम से भोपाल तक प्रस्तावित थी स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा, पुलिस ने अनुमति नहीं मिलने पर रोका काफिला; सैलाना थाने में बैठाए गए प्रदर्शनकारी, अध्यक्ष ने कहा– यात्रा नहीं रुकेगी, भोपाल के बाद 10 जनवरी को दिल्ली कूच करेंगे।
संपादक – विनय कुमार त्रिपाठी, तलाश न्यूज सीधी
रतलाम। यूजीसी के नए नियमों के विरोध में बुधवार को रतलाम से भोपाल तक प्रस्तावित स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना समेत करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सभी को अलग-अलग वाहनों से सैलाना थाने पहुंचाया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है।
राजपूत बोर्डिंग में चल रही थी यात्रा की तैयारी
जानकारी के अनुसार, रतलाम के शास्त्री नगर स्थित राजपूत बोर्डिंग में स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा की तैयारियां चल रही थीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के साथ राजपूत समाज और करणी सेना के कई कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। यहां बैठक और रैली निकालने की तैयारी थी। हालांकि, यात्रा और कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसी बीच भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
अध्यक्ष ने कहा– नहीं रुकेगी यात्रा
हिरासत के दौरान महिपाल सिंह मकराना ने सैलाना थाने में कहा कि पैदल यात्रा नहीं रुकेगी। पुलिस उन्हें जहां भी छोड़ेगी, वे वहीं से भोपाल और फिर 10 जनवरी को दिल्ली के लिए यात्रा दोबारा शुरू करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल या संगठन की राजनीतिक यात्रा नहीं है, बल्कि स्वर्ण समाज और उनके बच्चों के अधिकारों एवं न्याय की मांग को लेकर निकाली जा रही है।
उन्होंने इसे शांतिपूर्ण और अनुशासित गांधीवादी जनजागरण यात्रा बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से यूजीसी के नए नियमों को लेकर अपनी चिंताएं केंद्र सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
भाजपा सरकार के खिलाफ लगाए नारे
पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के दौरान मौके पर नारेबाजी भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने 'कमल का फूल, हमारी भूल' और 'सीएम मोहन यादव मुर्दाबाद' जैसे नारे लगाए।
सैलाना नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद जितेंद्र सिंह राठौर ने सवाल उठाया कि राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में पैदल यात्राएं निकल चुकी हैं, तो मध्यप्रदेश में यात्रा निकालने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है?
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
मौके पर एसपी राकेश पंद्रे, सीएसपी सत्येंद्र सिंह घनघोरिया सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। श्री परशुराम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कौशिक भी थाने पहुंचे।
एसपी राकेश पंद्रे के मुताबिक, बिना अनुमति पैदल यात्रा निकालने की तैयारी और क्षेत्र में पहले से लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के मद्देनजर कार्रवाई की गई। करीब 40 से 50 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
अब आगे क्या होगी आंदोलन की रणनीति?
महिपाल सिंह मकराना की हिरासत के बाद समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में समर्थकों से सर्किल जेल रतलाम पहुंचने की अपील भी की जा रही है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों को सैलाना थाने ले जाया गया था। उन्हें सर्किल जेल में भेजे जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि पुलिस प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है और स्वर्ण न्याय पैदल यात्रा को लेकर आंदोलनकारी अपनी अगली रणनीति क्या तय करते हैं।
तलाश न्यूज की नजर: यूजीसी के नए नियमों को लेकर विरोध, पुलिस की कार्रवाई और आंदोलनकारियों की आगे की रणनीति पर हमारी नजर बनी रहेगी। मामले में प्रशासन का आधिकारिक पक्ष और आगे की कार्रवाई सामने आने पर खबर अपडेट की जाएगी।
तलाश न्यूज | सच की तलाश
संपादक – विनय कुमार त्रिपाठी, क्षेत्र सीधी