
100 वर्ष से अधिक आयु की पेंशनर के घर पहुंचकर बनाया डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, पौधा भेंट कर किया सम्मानित
उदयपुर। रेलवे बोर्ड के नियमानुसार प्रत्येक वर्ष नवंबर माह में रेलवे के पेंशनभोगी पूर्व कर्मचारियों को अपना जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) प्रस्तुत करना होता है। इस वर्ष रेलवे द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) 5.0 अभियान के तहत इस प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से विशेष रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती मेघा गोदारा देव के निर्देशन में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों के घर पहुंचकर उनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने और उन्हें सम्मानित करने की पहल की जा रही है।
इसके तहत अजमेर मंडल, उत्तर पश्चिम रेलवे के पूर्व रेल कर्मचारी की पत्नी श्रीमती बानू बेगम, निवासी पहाड़ा, उदयपुर (राजस्थान) के निवास पर श्री गजानंद कुमावत, सहायक कार्मिक अधिकारी एवं कल्याण निरीक्षक श्री मुकेश कुमार पहुंचे। टीम ने घर पर ही उनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) बनाया।
इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने श्रीमती बानू बेगम को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनभोगियों को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता प्रकट करना है।