
ईमानदारी की मिसाल बने बैंक के हेड कैशियर, महिला समूह को लौटाए 12 हजार रुपये
रामगढ़। पंजाब नेशनल बैंक, अलावड़ा शाखा के हेड कैशियर ईश्वर सिंह राजपूत ने अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए महिला समूह के खाते से लेन-देन के दौरान अधिक दिए गए 12 हजार रुपये वापस लौटाकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जानकारी के अनुसार, बैंक में कार्य के दौरान महिला समूह को गलती से 12 हजार रुपये अधिक दे दिए गए थे। राशि का मिलान करने पर हेड कैशियर ईश्वर सिंह राजपूत को इस त्रुटि की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पूरी पारदर्शिता के साथ महिला समूह को बैंक स्टाफ की मौजूदगी में अतिरिक्त राशि वापस कर दी। उनके इस नेक कार्य की शाखा के समस्त कर्मचारियों ने प्रशंसा की और इसे बैंकिंग सेवा में ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।गौरतलब है कि ईश्वर सिंह राजपूत इससे पहले भी अपनी सत्यनिष्ठा के लिए चर्चा में रह चुके हैं। वर्ष 2022 में जब वे मुबारकपुर शाखा में कार्यरत थे, तब एक ग्राहक के 20 हजार रुपये बैंक परिसर में गिर गए थे। उस समय भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाते हुए राशि उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाई थी।
लगातार दूसरी बार ईमानदारी का परिचय देकर ईश्वर सिंह राजपूत ने यह साबित किया है कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं जो अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हैं। उनके इस कार्य की क्षेत्र में भी सराहना हो रही है तथा लोग इसे बैंकिंग व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करने वाला कदम बता रहे हैं।
Alwar, Alwar | Jun 19, 2026