
### जीवन का मालिक स्वयं बनिए, क्योंकि सबका मालिक एक है!
जीवन अनमोल है। इसे किसी दूसरे व्यक्ति के हाथों में सौंपकर उसकी इच्छा, सोच और इशारों पर चलने से बेहतर है कि इंसान स्वयं अपने जीवन का मालिक बने। क्योंकि जो व्यक्ति अपनी सोच, अपने आत्मसम्मान और अपने निर्णयों की स्वतंत्रता खो देता है, वह धीरे-धीरे अपनी पहचान भी खोने लगता है।
जीवन में किसी का सम्मान करना अच्छी बात है, किसी से प्रेम करना भी अच्छी बात है और किसी का मार्गदर्शन स्वीकार करना भी गलत नहीं है, लेकिन इन सबके बीच अपनी स्वतंत्रता और आत्मसम्मान को खो देना समझदारी नहीं है। रिश्ते हों या समाज, राजनीति हो या आध्यात्मिकता, हर जगह अपनी सोच और अपने विवेक का होना जरूरी है। किसी के प्रति समर्पण का अर्थ यह नहीं कि हम अपनी पहचान ही मिटा दें।
सबका मालिक एक है। यह केवल कहने या लिखने वाला कोई सामान्य वाक्य नहीं, बल्कि एक गहरा आध्यात्मिक संदेश और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इसका अर्थ है कि ईश्वर किसी एक व्यक्ति, जाति, वर्ग, समुदाय या विचारधारा का बंधक नहीं है। वह सबका है और सबमें विद्यमान है। ईश्वर के दरबार में इंसान की पहचान उसके पद, प्रतिष्ठा, धन या बाहरी दिखावे से नहीं, बल्कि उसके कर्म, विचार और आचरण से होती है।
जब मनुष्य यह समझ लेता है कि संसार में कोई भी व्यक्ति सर्वशक्तिमान नहीं है, तो उसके भीतर से दूसरों के सामने झुकने का अनावश्यक भय समाप्त होने लगता है। वह किसी का अपमान नहीं करता, लेकिन अपने आत्मसम्मान का सौदा भी नहीं करता। वह किसी से ईर्ष्या नहीं करता, लेकिन अपनी पहचान बनाने के लिए किसी का मोहताज भी नहीं रहता।
ईश्वर ने हर इंसान को सोचने की शक्ति, कर्म करने की क्षमता और सही-गलत को समझने का विवेक दिया है। जरूरत है तो बस उस शक्ति को पहचानने की। दूसरों के सहारे जीवन बिताने के बजाय अपने कर्मों पर विश्वास कीजिए। किसी के पीछे चलने से पहले यह जरूर सोचिए कि वह रास्ता सही भी है या नहीं।
याद रखिए, जीवन में सबसे बड़ी पूंजी आपका आत्मविश्वास है, सबसे बड़ी ताकत आपका आत्मसम्मान है और सबसे बड़ा सहारा परमात्मा पर आपका विश्वास है।
इसलिए किसी के अधीन होकर अपनी पहचान मत खोइए, बल्कि अपने अच्छे कर्मों से ऐसी पहचान बनाइए कि लोग आपके व्यक्तित्व से प्रेरणा लें।
अंत में बस इतना ही कहना चाहूंगा—
न किसी के अहंकार का गुलाम बनना है, न किसी के पद का मोहताज बनना है। ईश्वर ने जीवन दिया है तो अपने विवेक से जीना है, कर्म अपने करने हैं और विश्वास परमात्मा पर रखना है।
क्योंकि मालिक एक ही है और वह परमात्मा है, बाकी सब इस संसार में अपने-अपने कर्मों के यात्री हैं। 🌹🙏
— शरद श्रीवास्तव, बाराबंकी