
#ChuruNews
ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालक सत्यप्रकाश पूनिया को मिली पशु बीमा पॉलिसी, परामर्श व दवाइयां
चूरू, 18 जून । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हो रहे ग्रामीण सेवा शिविरों में बेहतरीन सुविधाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। विभागीय अधिकारी, कर्मचारी शिविरों में आने वाले आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा बेहतरीन सुविधाओं के क्रम में गुरुवार को चूरू जिले की सुजानगढ़ तहसील के सारोठिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालक सत्यप्रकाश पूनिया को उनके पशुधन के लिए मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना अंतर्गत पशु बीमा पॉलिसी दी गई। इसी क्रम में पशुपालक सत्यप्रकाश पूनिया को उनकी गाय की मृत्युपरांत 40000 राशि का पशुबीमा क्लेम भी प्रदान किया गया।
पशुपालक सत्यप्रकाश ने शिविर में उपस्थित होकर पशुपालन विभाग की टीम से संपर्क किया और बताया कि उनके पास दुधारू गाय, भेस व बकरियां हैं। बदलते मौसम व खेत—खलिदान में जाने के दौरान सामान्य बीमारियों की संभावना बनी रहती है और कई बार सामान्यतया उनका पशुधन प्रभावित हो जाता है। इस पर पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ राजबाला ने पशुपालक को उनके पशुधन के लिए नि: शुल्क दवाइयां व गुणवत्तापूर्ण सलाह दी। उन्हें मौसमी बीमारियों व पशुधन की सुरक्षा की जानकारी के साथ पशुपालन विभाग की योजनाओं व सेवाओं की भी जानकारी दी।
चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां व बीमा पॉलिसी प्राप्त कर पशुपालक सत्यप्रकाश ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है। नि:शुल्क परामर्श और दवाइयां पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा दे रहे हैं, वहीं पशु बीमा से उनकी चिंताएं दूर होकर पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।
———
Bidasar, Churu | Jun 18, 2026