
सेवा संकल्प अभियान की सभी तैयारियां हुईं पूरी- डीसी अभिषेक मीणा*
*रेवाड़ी, 16 सितंबर।*
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिन पर 17 सितंबर को शुरु होने जा रहे सेवा संकल्प अभियान को मनाने के लिए रेवाड़ी जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह अभियान ग्राम व नगर स्तर पर 17 अक्तूबर तक जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंस में डीसी अभिषेक मीणा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव वीरवार 17 सितंबर की शाम को माजरा एम्स में दीप प्रज्जवलित करेंगी। आशीर्वाद का दीया नाम से यह कार्यक्रम जिला में 29 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें सामाजिक, धार्मिक, गौशाला सेवा समिति आदि संस्थाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहन देना है। इस अभियान के अंतर्गत रंगोली, भाषण स्पर्धा, अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सभी विभागों की सक्रिय भूमिका रहेगी। डीसी अभिषेक मीणा ने वीसी में बताया कि अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान को सुचारु रुप से चलाने के लिए दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
वीडियो कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की एक कॉफी टेबल बुक तैयार की जाएगी। इसमें रंगोली सामान्य नहीं, अपितु रचनात्मक तरीके से कुछ नया सृजन करते हुए बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में श्रमिक, अंत्योदय परिवार, छोटे कामगार आदि के लिए चलाई जा ही योजनाओं पर विशेष प्रकाश डाला जाए।
इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, नगराधीश जितेंद्र कुमार, डीआईओ सचिन आदि मौजूद रहे।
----------------
Rewari, Rewari | Sep 16, 2026