
श्री जसवंत नुमाइश मेले की आय एक करोड़ रुपये के पार, दुकानों की नीलामी से 1.05 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संभावित*
भरतपुर, 10 अक्टूबर। भरतपुर में दशहरा के पावन पर्व पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष मेले का आयोजन 15 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक जिला प्रशासन के निर्देशन में किया जाएगा। राजस्थान राज्य पशु मेला अधिनियम, 1963 के तहत आयोजित होने वाले इस मेले में दुकानों एवं भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त होना संभावित है।
मेला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने बताया कि श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 के अंतर्गत दुकानों एवं भूखंडों की नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से प्रारंभ की गई। इस प्रक्रिया के तहत 7 अक्टूबर को 8 लाख 85 हजार 300 रुपये, 8 अक्टूबर को 6 लाख 87 हजार 500 रुपये, 9 अक्टूबर को 10 लाख 96 हजार 900 रुपये तथा 10 अक्टूबर को 79 लाख 16 हजार 100 रुपये की नीलामी हुई।
उन्होंने बताया कि अब तक दुकानों एवं भूखंडों की नीलामी से कुल 1 करोड़ 5 लाख 85 हजार 800 रुपये का राजस्व प्राप्त होना संभावित है। शेष बची दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, भरतपुर द्वारा गठित समिति के माध्यम से प्रतिदिन संपादित करवाई जाएगी।
डॉ. चौधरी ने बताया कि मेले के सफल आयोजन तथा दुकानों एवं भूखंडों के व्यवस्थित आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।