
विवाहिता और उसके परिजनों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप, पीआरवी ने छुड़ाया
.
न्याय के लिए महिला आयोग की चौखट तक पहुंचा मामला, प्रधान के दबाव में पुलिस नहीं लिख रही केस
#हरदोई। जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के लालपुर कन्हरी गांव की निवासी एक विवाहिता ने अपने पति व ससुरालीजनों पर घरेलू हिंसा, मारपीट और बंधक बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई है। महिला आयोग को दिए गए प्रार्थना पत्र में सालिया उर्फ रुखसार ने बताया कि उसका निकाह 23 जून 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज से बिलग्राम थाना क्षेत्र के लालपुर कन्हरी गांव के असीउल पुत्र सरफुद्दीन के साथ हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति, सास, ननद और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। उसका एक माह का पुत्र भी है।
पीड़िता के अनुसार 30 मई 2026 को पति असीउल, सास तसरीम, ननद चांदनी और फिरदौस जहां ने कार और सोने की चेन की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की तथा हाथ पीछे बांधकर करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। शोर सुनकर जब पड़ोसियों ने हस्तक्षेप किया तब उसे मुक्त किया गया। विवाहिता का कहना है कि उसने घटना की जानकारी अपनी मां साबिया को दी, जिसके बाद अगले दिन उसकी मां और भाई समझौते के उद्देश्य से ससुराल पहुंचे।
आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग आक्रामक हो गए और मारपीट शुरू कर दी। साथ ही कथित ग्राम प्रधान वकील और अन्य लोगों को बुलाकर हमला कराया गया, जिसमें उसके भाई जहीरूद्दीन और सोहेल गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उसकी मां भी चोटिल हो गईं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद सभी के मोबाइल फोन तोड़ दिए गए और उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर पीआरवी 112 की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को मुक्त कराया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने उपरोक्त मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। विवाहिता ने राज्य महिला आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने और न्याय दिलाने की मांग की है।
#hindustankisham
Sadar, Lucknow | Jun 2, 2026