
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी कल करेंगी सांदीपनी विद्यालय नरिया के नवीन भवन का लोकार्पण
15 जुलाई को डिंडौरी दौरे पर रहेंगी प्रभारी मंत्री, जिला प्रशासन ने तैयारियां की पूरी
डिंडौरी HALCHAL24NEWS
मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री तथा डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी 15 जुलाई को डिंडौरी प्रवास पर रहेंगी। अपने दौरे के दौरान वे सांदीपनी विद्यालय, नरिया के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगी।
जारी अधिकृत कार्यक्रम के अनुसार राज्यमंत्री सुबह 11:30 बजे सांदीपनी विद्यालय परिसर में आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके पूर्व वे 14 जुलाई को भोपाल से प्रस्थान कर रात्रि में जबलपुर पहुंचेंगी तथा 15 जुलाई की सुबह जबलपुर से सड़क मार्ग द्वारा डिंडौरी के लिए रवाना होंगी। कार्यक्रम के बाद दोपहर 3 बजे वे सतना के लिए प्रस्थान करेंगी।
लोकार्पण समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने तथा समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नवीन सांदीपनी विद्यालय भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
#HALCHAL24NEWS #Dindori #PratimaBagri #SandipaniVidyalaya #Nariya #SchoolInauguration #Education #MadhyaPradesh #DindoriNews #BreakingNews #HindiNews #MPNews #Development #GoodGovernance #EducationForAll