
सूरजपोल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या का आरोपी गिरफ्तार, 1500 किमी पीछा कर दबोचा
उदयपुर। सूरजपोल थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वारदात के बाद उदयपुर से फरार होकर करीब 1500 किलोमीटर दूर आजमगढ़ पहुंच गया था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पीछा करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की रात आर्मी कैंट में सफाई का काम करने वाले हनुमान्त तिवारी का अपने साथ काम करने वाले हरिनाथ यादव से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान हरिनाथ यादव ने जान से मारने की नीयत से हनुमान्त के पेट पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल हनुमान्त का एमबी हॉस्पिटल के आईसीयू में उपचार चल रहा था। 2 सितंबर को पर्चा बयान के आधार पर सूरजपोल थाने में मामला दर्ज किया गया। उपचार के दौरान 7 सितंबर को हनुमान्त की मौत हो गई, जिसके बाद मामले में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ी गई।
आजमगढ़ में बदल रहा था ठिकाने
घटना के बाद आरोपी हरिनाथ यादव उदयपुर से फरार होकर अपने पैतृक क्षेत्र आजमगढ़ पहुंच गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिनाथ यादव (48), पुत्र रामराज यादव, निवासी कटोही, थाना अतरौलिया, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई एसपी उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन तथा सूरजपोल थानाधिकारी सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में की गई।