
*जिले की 6 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 20 नामांकन प्राप्त*
*सवाई माधोपुर, 16 सितम्बर।* नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के 6 निकायों में अध्यक्ष अथवा सभापति पद के लिए कुल 20 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार, नगर परिषद सवाई माधोपुर में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मेवा चौधरी और इण्डियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में शैलेन्द्र चौधरी ने नामांकन दाखिल किया है।
नगर परिषद गंगापुर सिटी में सभापति पद के लिए कुल 6 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए है। जिनमें भारतीय जनता पार्टी के विजय कुमार गुप्ता और इण्डियन नेशनल कांग्रेस के कृष्ण कुमार शामिल हैं। रिटर्निंग गंगापुर सिटी के अनुसार, संबंधित राजनैतिक दलों से इन दोनों उम्मीदवारों के लिए चुनाव चिन्ह प्राप्त हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी से गीता देवी नरूका और जीनत ने भी नामांकन दाखिल किया है। निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में कृष्ण कुमार और गिरधारी लाल के नामांकन प्राप्त हुए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त सूचना के अनुसार, नगर पालिका बामनवास में अध्यक्ष पद के लिए इण्डियन नेशनल कांग्रेस से रेखा मीना, भारतीय जनता पार्टी संतरा मीना और निर्दलीय के रूप में लीला देवी के नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
नगर पालिका खण्डार में अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में राजेश कुमार और इण्डियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में हंसराज बैरवा तथा बृजेश के नामांकन प्राप्त हुए हैं। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी बृजेश का नामांकन प्राप्त हुआ। नगर पालिका बौंली में अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी से रतनलाल गुर्जर और इण्डियन नेशनल कांग्रेस से उममेद तथा सरफराज के नामांकन दाखिल हुए हैं। नगर पालिका वजीरपुर से भारतीय जनता पार्टी की ओर से जगनी और इण्डियन नेशनल कांग्रेस की ओर से दुलारी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
---000---